चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां सुरक्षा बलों ने टोकलो थाना एवं दलभंगा ओपी के सीमावर्ती पहाड़ी जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये करीब 30 आइईडी विस्फोटक बरामद किये हैं. सुरक्षा की दृष्टि से बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते की मदद से वहीं नष्ट करा दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के सघन वन क्षेत्रों में सक्रिय नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों पर काबू पाने के लिए झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ एवं जगुआर की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में पुलिस बलों को उल्लेखनीय सफलता भी मिल रही है. इसी क्रम में शुक्रवार, 4 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को नक्सली संगठन के उग्रवादियों द्वारा टोकलो थाना एवं दलभंगा ओपी के सीमावर्ती पहाड़ी जंगलों में गोला-बारूद छुपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली. इसके आलोक में चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ एवं एसएसबी का एक संयुक्त दल बनाकर कार्रवाई शुरू की गई. दल में शामिल सुरक्षा बलों ने टोकलो थाना एवं दलभंगा ओपी के सघन पहाड़ी जंगलों में अभियान चला कर नक्सलियों द्वारा वहां लगाये गये लगभग 2-2 किलोग्राम के 30 आइईडी विस्फोटक बरामद किये. बाद में सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते की मदद से सारे विस्फोटकों को वहीं नष्ट करा दिया गया. पुलिस इस संबंध में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है.












