जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित टाटा पावर के कर्मचारियों का वेज रिवीजन मंगलवार को श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया. कंपनी प्रबंधन व टाटा पावर यूनियन के बीच हुए समझौते के मुताबिक कर्मचारियों के वेतन में 19596 से 25613 रुपये तक की वृद्धि हुई है. प्रतिमाह वेतन में होने वाली इस बढ़ोतरी में मिनिमम गारंटेड बेनिफिट (एमजीबी) के तहत मूल वेतन (बेसिक) में 16.46 फीसदी की वृद्धि की गई है जबकि अन्य भत्तों में 14850 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं वेज रिवीजन में अपग्रेडेशन की अवधि में एक वर्ष घटाया गया है. टाटा पावर जोजोबेड़ा प्लांट में 01 जनवरी 2025 से वेज रिवीजन लंबित था. महज छह माह में वेज रिवीजन हो जाने से कर्मचारियों में काफी हर्ष है. प्रबंधन और यूनियन के बीच चार वर्ष (01 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028) के लिए समझौता हुआ है. समझौते के दौरान श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, कंपनी प्रबंधन से सीएचआरओ, चीफ सस्टेनेबिलिटी और सीएसआर हिमल तिवारी, क्लस्टर एचआर हेड (जनरेशन) अरुण बहुगुणा, चीफ कॉरपोरेट आईआर और एचआर पॉलिसीज और प्रोसेस श्रीबल्लव सिंह, सीईओ आईईएल और चीफ जमशेदपुर ऑपरेशंस बासुदेव हांसदा, हेड बिजनेस एचआर ट्रांसमिशन विजय रामचंद्र मोरजे, हेड बिजनेस एचआर जोजोबेड़ा मनीष तिवारी, चीफ ओएंडएम जमशेदपुर कुंदन कुमार, सीएफओ-आईईएल और हेड-एफएंडए (जोजोबेड़ा और हल्दिया) अंशुक डे, लीड एसोसिएट बिजनेस एचआर और ईएसएंडए जोजोबेड़ा शुभोजित घोष, लीड एसोसिएट बिजनेस एचआर और ईएसएंडए जोजोबेड़ा आस्तिक गोखले, लीड एसोसिएट एचआर और ईएसएंडए जोजोबेड़ा नीरज सिंह तथा टाटा पावर इम्प्लाइज यूनियन की तरफ से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, उपाध्यक्ष पंकज रॉय, महामंत्री पिंटू श्रीवास्तव, सहायक सचिव सुरेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, कुमार आलोक, राजेश कुमार, संजीव कुमार चौधरी व कमेटी मेंबर देवशंकर तिवारी मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में टाटा पावर इम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि 4 साल की समयावधि के लिए किया गया बेहतरीन वेतन समझौता है, जो कि यूनियन और प्रबंधन के आपसी सामंजस्य और औद्योगिक संबंधों की वजह से संभव हो पाया है. पूरी यूनियन और कर्मचारियों को इस समझौते के लिए बधाई. वेज रिवीजन समझौते पर हस्ताक्षर के बाद टाटा पावर इम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री पिंटू श्रीवास्तव ने प्रबंधन और यूनियन दोनों को समय पर और बहुत ही सौहार्दपूर्ण तरीके से ऐतिहासिक दीर्घकालिक वेतन समझौते पर पहुंचने के लिए बधाई दिया और कहा कि यह समझौता कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के बीच खुशी और समृद्धि लाएगा. साथ ही उन्होंने जमशेदपुर प्लांट की सफलता की कामना करते हुए टीम से आग्रह किया कि वे वर्षों से बने आपसी सहयोग और विश्वास को और मजबूत करते रहें. (नीचे भी पढ़ें)
इस वेज रिवीजन समझौते के तहत मिलने वाले मुख्य वित्तीय लाभ इस प्रकार हैं : * वेतन में औसतन 21,200 रुपये की वृद्धि.* 31 दिसंबर 2024 के बेसिक में 100 फीसद परिवर्तनशील महंगाई भत्ते का विलय. * मिनिमम गारंटेड बेनिफिट के तहत मूल वेतन (बेसिक) में 16.46 फीसद की वृद्धि. * वार्षिक यात्रा भत्ता को बढ़ाकर 48,000 रुपये सालाना किया गया. * वार्षिक उपहार को बढ़ाकर 51,000 रुपये सालाना किया गया. * यूनियन कर्मचारियों के बच्चों की चिकित्सा सुविधा को 25 वर्ष तक बढ़ाया गया. * रिटायरमेंट गिफ्ट को बढ़ाकर 70,000 रुपये किया गया. * रिटायरमेंट एक्सग्रेसिया को बढ़ाकर 91,400 रुपये किया गया. * अंतिम संस्कार सहायता राशि को बढ़ाकर 30,000 रुपये (दो अवसर पर) किया गया. * कर्मचारियों के बच्चों के लिए मेरिट छात्रवृत्ति बढ़ाकर 25000 रुपये (अधिकतम) की गई (कक्षा 10, 11, 12 और स्नातक के लिए लागू) * रात्रि पाली भत्ता बढ़ाकर 150 प्रति रात्रि किया गया. * एक्सग्रेसिया कंपनसेशन इन सर्विस 5 लाख रुपये एवं एक्सग्रेसिया कंपनसेशन ऑन ड्यूटी 25 लाख रुपये किया गया.* होम लोन ब्याज सब्सिडी योजना में चार वर्ष के लिए 70 लाख रुपये की व्यवस्था की गयी.



