जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नागाडीह में रविवार रात डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया. गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नागाडीह फुटबॉल मैदान से इन सभी को घेराबंदी कर पकड़ा. आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद की गयी है. गिरफ्तार आरोपियों में ग्वाला पट्टी निवासी राहुल यादव उर्फ छोटू, कीताडीह ग्वाला पट्टी साईं मंदिर के पास रहने वाला रंजन कुमार सिंह, विजय शंकर सिंह उर्फ बाबू, सूरज कुमार दास और शुभम कुमार दास शामिल हैं. सभी पर पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी हैं. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि पांचों शातिर अपराधियों के तार आशीष भगत हत्याकांड से भी जुड़े रहने का अंदेशा है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये पांचों बीते कुछ दिनों से किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब सभी आरोपी नागाडीह स्थित फुटबॉल मैदान में जमा होकर डकैती की योजना बना रहे थे, तभी बागबेड़ा पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.




