जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के चक्रधरपुर मंडल संयोजक शशि रंजन मिश्रा ने गुरुवार को टाटानगर एरिया मैनेजर कार्यालय से मेन सिक लाइन तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति से एडीएमई को अवगत कराया. इस सड़क का उपयोग प्रतिदिन सैकड़ों सुपरवाइजरों और कर्मचारियों द्वारा किया जाता है, लेकिन पिछले दस वर्षों से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा इस सड़क की मरम्मत की कोई पहल नहीं की गयी है. लगभग एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 20 से 25 गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें से कुछ की गहराई 2 से 3 फीट तक है. इनमें पानी भरे रहने के कारण रोज़ाना कोई न कोई कर्मचारी दुर्घटना का शिकार हो रहा है. इसके अलावा, दोपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी घुस जाने के कारण वाहन भी खराब हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
मेंस कांग्रेस ने इस गंभीर समस्या को लेकर एडीएमइ से मुलाकात की. मंडल संयोजक शशि रंजन मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बात रखी. एडीएमइ ने आश्वासन दिया कि बरसात के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और तब तक सभी गड्ढों को स्लैग या गिट्टी से भरा जाएगा ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके. मेंस कांग्रेस प्रशासन से अनुरोध करती है कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. प्रतिनिधिमंडल में सचिव अनिल चौधरी, बरुन चक्रबर्ती, संजय कुमार, जेके राही, प्रमोद कुमार और देवाशीष केले मुख्य रूप से उपस्थित थे.



