जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से इस वर्ष रांची के वरिष्ठ साहित्यकार सह समाजसेवी डॉ मयंक मुरारी को प्रतिष्ठित ‘तुलसी सारस्वत सम्मान 2025’ प्रदान किया जाएगा तुलसी भवन की कार्यकारिणी की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
डा मयंक मुरारी एक विचारक और सक्रिय लेखक हैं. वह सामाजिक/व्यक्तिगत विकास के लिए लिखते और काम करते हैं. वह भारतीय ज्ञान सरणि के आंतरिक मूल्य और अंतर्निहित पहलू पर चिंतन करते हैं. वे 30 वर्षों में 18 पुस्तकों की रचना कर चुके हैं जबकि देश के विभिन्न समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं में उनके 700 से अधिक रिपोर्ट एवं शोधपूर्ण आलेख प्रकाशित हो चुके हैं. इन कार्यों के कारण उन्हें कई अवार्ड और पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं. वह उषा मार्टिन में महाप्रबंधक सीएसआर और पीआर के रूप में काम कर रहे हैं. वे पिछले 15 सालों से गांवों के टिकाऊ विकास के प्रति संकल्पित हैं. वह हमारे समाज की सामूहिक जागरूकता के लिए विभिन्न मंचों से व्याख्यान भी देते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के फलस्वरूप इस वर्ष सम्मान में अंगवस्त्र, श्रीफल, सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ के साथ ₹51000 का चेक भी प्रदान किया जाएगा. उपर्युक्त सम्मान पूर्व में मुंबई के वरिष्ठ आलोचक करुणाशंकर उपाध्याय, गुमला के समाजसेवी विकास भारती के अशोक भगत, चाकुलिया के समाजसेवी स्व पुरुषोत्तम दास झुनझुनवाला, हिन्दी व्याकरण के सुप्रसिद्ध विद्वान कमलेश कमल को प्रदान किया जा चुका है.














