जमशेदपुर : परसुडीह कृषि बाजार उत्पादन समिति की समस्याओं के निराकरण को लेकर गुरुवार को सिंहभूम चैंबर ऑफ कऑमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में एक आपात बैठक हुई. चैंबर के उपाध्यक्ष अनिल मोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृषि उत्पादन बाजार समिति के व्यापारी शामिल हुए. बैठक को संबोधित करते हुए अनिल मोदी ने कहा कि कृषि मंडी के सचिव ने पत्र जारी कर दुकानदारों को दुकानों और गोदामों के पट्टा नवीकरण का निर्देश दिया है. इस निर्देश से व्यापारियों में असमंजस की स्थिति है. उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन बाजार समिति पहले ही समस्याओं से जूझ रही है. ऑनलाइन ट्रेडिंग के वर्तमान परिवेश में व्यापारी अनेक कठिनाइयों से जूझ कर व्यापार चला पा रहे हैं. मंडी में सड़क, पानी, सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है. गोदाम और दुकानें भी जर्जर अवस्था में हैं. ऐसी विपरीत परिस्थितियों में इस नोटिस का आना व्यापारियों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की बाजार समितियों के व्यापारी सरकार के इस निर्णय के खिलाफ हैं. उन्होंने नोटिस में कही गई ग्यारह महीने के अंतराल पर नवीकरण की बात अतार्किक बताते हुए कहा कि इस नोटिस से व्यापारियों में भय एवं असमंजस का माहौल है. उन्होंने सरकार से व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए स्थितियों को पारदर्शी तरीके से स्पष्ट किये जाने की मांग की. व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक भालोटिया ने कहा कि विगत 50-60 वर्षों से बाजार समिति में व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को आज तक ऐसा नोटिस नहीं मिला. उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कब यह निर्णय लिया, व्यापारियों को इसका पता भी नहीं है. उन्होंने कहा कि बोर्ड को पहले व्यापारियों को निर्णय की प्रति मुहैया करानी चाहिए और व्यापारियों की सहमति के बिना ऐसे निर्णय व्यापारी हितों के विपरीत है. व्यापारियों को विधिवत दुकान आवंटन के बाद अब अचानक उनके नवीकरण की बात समझ से परे है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में व्यापारियों ने सर्वसम्मति से नवीकरण नहीं कराने का निर्णय लिया. बैठक में यह भी तय हुआ कि इस संदर्भ में व्यापारियों का एक दल रांची जाकर कृषि मंत्री एवं मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर उनके समक्ष अपनी बात रखेगा. बैठक में यह भी तय हुआ कि सरकार यदि व्यापारिक परिवेश एवं व्यापारी हित के विपरित कोई निर्णय लेती है तो पूरे राज्य के व्यापारी लोकतांत्रिक तौर पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे. बैठक को चैम्बर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष पवन नरेडी आदि ने भी संबोधित किया. बैठक में मुख्य रूप से दिलीप अग्रवाल पप्पू, रौनक सिंह, कन्हैयालाल नरेडी, विजय अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, चन्द्रप्रकाश शुक्ला, गणेश भालोटिया, दिलीप अग्रवाल, मनोज कुमार अगीवाल, आशीष शर्मा, आनंद राव, पी. दिनेश, अरविन्द गुप्ता एवं अन्य व्यापारी उपस्थित रहे.



