जमशेदपुर : साकची के बाटा चौक पर शुक्रवार देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब चिरंजीलाल एंड संस के मालिक विशाल अग्रवाल पर उनके ही पूर्व कर्मचारी ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में घायल अग्रवाल को आनन-फानन में (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान परसुडीह निवासी सम्राट शुभजीत रॉय के रूप में हुई है, जो कुछ समय पूर्व तक इसी दुकान में कार्यरत था. बताया गया कि कुछ दिन पहले दुकान मालिक ने उसे काम से निकाल दिया था. (नीचे भी पढ़ें)

शुक्रवार की शाम सम्राट अचानक दुकान पर पहुंचा और अपने बकाया 1 हजार रुपए की मांग करने लगा. इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. गुस्से में आकर आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर मालिक विशाल अग्रवाल पर वार कर दिया. हमले के बाद दुकान और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने घायल को तुरत अस्पताल भेजवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची साकची थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला बकाया रुपये की मांग और नौकरी से निकाले जाने की नाराजगी का प्रतीत होता है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है. इस घटना से व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है. व्यापारी संगठनों ने पुलिस प्रशासन से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.




