जमशेदपुर : जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वन विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स मीट का शनिवार को शानदार आगाज हुआ. उदघाटन वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने झंडोत्तोलन और गुब्बारा उड़ाकर खेलों की शुरुआत की. उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई और कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास दोनों के लिए आवश्यक हैं. 12 नवंबर को देहरादून में राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता होगी. प्रतियोगिता में विजेताओं को उसमें भाग लेने का मौका मिलेगा. समारोह में पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) एसआर नटेश ने प्रतिभागियों को खेलों में अनुशासन व उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने स्वागत भाषण दिया. मौके पर डीएफओ सबा आलम अंसारी, रेंजर दिग्विजय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे.(नीचे भी पढे)
प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा. उदघाटन समारोह को छऊ नृत्य और नाट्य युग गुरुकुल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने और भी रंगीन बना दिया. स्पोर्ट्स मीट में राज्यभर से आए छह जोनों के 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कुल 57 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें दौड़, शॉट पुट, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, कैरम, और स्विमिंग जैसे खेल शामिल रहे. खिलाड़ियों ने पूरे जोश और समर्पण के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के कुछ प्रमुख विजेताओं में 100 मीटर दौड़ में संजय कुमार साहा (दुमका), 400 मीटर ओपन वर्ग में संदीप कुमार मिश्रा (बोकारो) और 800 मीटर महिला वर्ग में पुष्पा कुमारी (गिरिडीह) का नाम शामिल है. वहीं, 1500 मीटर दौड़ में परमेश्वर रविदास (हजारीबाग) और गौरी शंकर (पलामू) ने विजयी प्रदर्शन किया. शॉट पुट प्रतियोगिता में महिला वर्ग में सुकशी बड़िंग और पुरुष वर्ग में देव कुमार मिश्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया. विजेताओं को मुख्य वन संरक्षक ने गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.



