जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने पेशेवर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में आफताब अली, जुम्मन, सैयद मोसिन उर्फ विक्की, कादिर खान और आयान उर्फ छोटी शामिल हैं. यह सभी लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस के अनुसार मानगो थाना कांड संख्या 240/2025 दिनांक 25 सितंबर 2025 के तहत यह कार्रवाई की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
टीम ने चोरी गई कुल आठ मोटरसाइकिल भी बरामद की है. पुलिस ने बताया कि आरोपी एक गिरोह के रूप में कार्य करते थे और विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है. इनमें मानगो, आजादनगर, कदमा, एमजीएम, साकची और विष्णुपुर थाना क्षेत्र के कई पुराने कांड शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा.



