जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेम्को बाजार में शनिवार रात एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्णा शनिवार रात जेम्को बाजार में नाश्ता करने गया था. इसी दौरान करीब 20 से 25 लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ-साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया. अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए. घायल के परिजनों ने बताया कि कृष्णा एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब चार माह पहले जमानत पर रिहा हुआ था. जेल से बाहर आने के बाद वह गांव में रह रहा था. कोर्ट में पेशी के सिलसिले में वह शुक्रवार को शहर आया था. शनिवार शाम बाजार जाने के दौरान उस पर हमला किया गया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों के साथ चल रहा पुराना विवाद इस हमले की वजह हो सकता है. घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है.





