जमशेदपुर : बहुप्रतीक्षित 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेन इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आगाज़ नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए), जमशेदपुर में हुआ. उदघाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जहां डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. मुकुल विनायक चौधरी, चीफ़ स्पोर्ट्स, टाटा स्टील, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए और हेमंत गुप्ता, हेड स्पोर्ट्स, टाटा स्टील ने भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. (नीचे भी पढ़े)

चैम्पियनशिप की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जो 11 दिनों तक चलने वाले रोमांचक हॉकी मुकाबलों की शुरुआत का प्रतीक है, जिसमें देश की शीर्ष डिपार्टमेंटल टीमें भाग ले रही हैं. टूर्नामेंट का आगाज़ बेहद जोशीले अंदाज़ में हुआ. पहले ही मुकाबले में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड और सशस्त्र सीमा बल की टीमें आमने-सामने आईं और शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया. इसके बाद दूसरे मैच में कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया (सीएजी) की टीम ने पंजाब एंड सिंध बैंक के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया. दिन का तीसरा मुकाबला पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड और तमिलनाडु पुलिस के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ा दिया. (नीचे भी पढ़े)

पहले दिन की खास बात रही हॉकी के दिग्गजों की मौजूदगी. ओलंपियन देविंदर वाल्मिकि, तलविंदर सिंह, दीपक ठाकुर और कोठाजीत सिंह अपने-अपने विभागों का प्रतिनिधित्व करते नज़र आए. वहीं हरजीत सिंह और आफ़ान यूसुफ़ जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. दिन का चौथा निर्धारित मैच पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआइ) के बीच खेला जाना था, लेकिन यूबीआइ के टूर्नामेंट में भाग न ले पाने के कारण यह मुकाबला नहीं हो सका. नियमों के अनुसार, इस मैच के अंक पंजाब नेशनल बैंक को प्रदान कर दिए गए. टूर्नामेंट आने वाले दिनों में भी उतने ही रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी रहेगा, जहां टीमें सर्वोच्चता और प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप खिताब के लिए भिड़ेंगी. 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन 10 अक्टूबर तक होगा, जिसमें लीग चरण के मुकाबलों के बाद क्वार्टर फ़ाइनल, सेमीफ़ाइनल और भव्य फ़ाइनल खेला जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
मैच परिणाम – पहला दिन (30 सितम्बर)
रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड
(परमप्रीत सिंह – 1, शेषे गौड़ा बीएम – 1, गुरसाहिबजीत सिंह – 4, शिवन आनंद – 1, सामन्थ सीएस – 1, प्रताप लकड़ा – 1, पंकज – 2, दर्शन गावकर – 1, प्रदीप सिंह – 1) – 13- बनाम – 0 – सशस्त्र सीमा बल
कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया
(भारत महालिंगप्पा कुरटकोटी – 2, गणेश मज़ी – 1, सूर्य प्रकाश – 1, खानपठान आमिद सरफ़राज़ – 1, त्रिशूल गणपति – 1) 6 बनाम 3 पंजाब एंड सिंध बैंक
पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड
(गुरजिंदर सिंह – 2, तलविंदर सिंह – 2, देविंदर वाल्मिकि – 1, विश्वास जी – 1) 6 बनाम 1 तमिलनाडु पुलिस (माथन एम)
पहले मैच के प्लेयर ऑफ द मैच – प्रदीप संधू (रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड)
दूसरे मैच के प्लेयर ऑफ द मैच – सुब्रमणी ए.सी. (सीएजी)
तीसरे मैच के प्लेयर ऑफ द मैच – गुरजिंदर सिंह (पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड)



