सरायकेला : सरायकेला जिला उत्पाद विभाग ने मंगलवार को जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. इसके तहत विभागीय अधिकारियों ने खरसावां थाना क्षेत्र के रीडिंग गांव में छापामारी कर करीब एक हजार किलो जावा के साथ ही 25 लीटर तैयार महुआ शराब भी जब्त किया. आबकारी अधिकारियों ने जब्त जावा को वहीं नष्ट कराने के साथ ही वहां चल रही शराब चुलाई भट्ठी को नष्ट कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध भट्टी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज किया जाएगा. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री की रोकथाम के लिए उपायुक्त के निर्देश पर लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही, आवश्यकतानुसार कड़े कानूनी प्रावधानों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा.



