सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिचालन के रोकथाम को लेकर उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को जिला खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर के गौरी- सांपड़ा एवं सरायकेला के नया पुलिया सहित अन्य संभावित स्थलों पर औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एक अवैध बालू लदे वाहन (संख्या जेएच11सी- 5561) को चिन्हित कर जब्त किया गया. वाहन को आगे की कानूनी प्रक्रिया हेतु आदित्यपुर थाना को सौंप दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
खनन विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई खनिज अधिनियम एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के तहत की गई है. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सथपथी ने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन लगातार औचक निरीक्षण कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.



