चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के लखीपुरा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 64 इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है. मुख्य सड़क के किनारे स्थित केंद्र के सामने बारिश का पानी लगातार जमा हो रहा है, इससे वहां तालाब जैसी स्थिति बन गई है. इसके चलते मच्छरों का प्रकोप बदबू और बच्चों के बीमार होने का खतरा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. इस संबंध में केंद्र के सेविका सुधारानी महतो ने बताया कि जल जमाव के कारण बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. भवन के आसपास लगातार कचरा जमा होने और पानी सड़ने से वातावरण दूषित हो गया है. (नीचे भी पढे़ं)
इतना ही नहीं पानी की नमी से भवन के गोदाम में चावल स्टोर करना भी संभव नहीं है, क्योंकि चावल में कीड़े लग जाते हैं इस कारण उन्हें प्रतिदिन अपने घर से चावल लाकर बच्चों के लिए मध्यान भोजन तैयार करना पड़ता है. सेविका ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली की सुविधा नहीं है, जिसके कारण गर्मी में बच्चों को बिना पंख के पढ़ाई करनी पड़ती है. उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर पर कई बार शिकायत की गई है लेकिन अब तक जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. इस संबंध में अंचल अधिकारी सह प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नवीन पुरती ने बताया कि मामले की जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी और जल निकासी के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी जिससे बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो.



