जमशेदपुर : भारत सरकार की उपक्रम यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) जादूगोड़ा के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) डॉ. संतोष कुमार सतपथी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता और केस करने वाली महिला नैना चौधरी यूसील की डिप्टी सुप्रीटेंडेंट के पद पर है, जो यूसील की जादूगोड़ा कॉलोनी में रहती है. नैना चौधरी ने जादूगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि एक दिसंबर 2024 से लेकर 31 जुलाई 2025 के बीच डॉ. सतपथी ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया. इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. (नीचे भी पढे़ं)
महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और पुलिस से जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है. सूत्रों के अनुसार, मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के बावजूद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रारंभ कर दी गई है और आरोपों की पुष्टि के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं. यूसील प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. वहीं, स्थानीय स्तर पर घटना के बाद कर्मचारियों और आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है. कई संगठनों ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.



