साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, जहां गंगा नदी में 32 लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गयी. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं तीन अन्य लापता है. यह घटना गंगा नदी थाना क्षेत्र के गदाई दियारा इलाके में शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घटी, जब लोग नाव के सहारे गंगा नदी पार कर रहे थे. मिली जानकारी अनुसार नाव पर कुल 32 लोग सवार थे. उसमे 28 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि तीन लापता है. लापता लोगों की तलाश जारी है. इस घटना में जिसकी मृत्यु हुई है उनका नाम काहा हांसदा है, जिन्हें स्थानीय युवकों ने नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
तीन की तलाश जारी – इस घटना में कृष्णा, जमाई और एक अन्य युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. तीनों की तलाश जारी है. ये तीनों बड़हरवा प्रखंड के बिंदुवासनी मंदिर के पास गांव के रहने वाले बताए जा रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि क्षमता से अधिक भार होने और तेज बहाव के कारण नाव असंतुलित होकर बीच नदी में पलट गयी. फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है.














