जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती निवासी निर्मल प्रमाणिक मोबाइल चोरी और साइबर ठगी का शिकार हो गए. घटना 26 जनवरी 2025 की है, जब उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया. चोरी के बाद अज्ञात चोर ने मोबाइल में इंस्टॉल फोन-पे ऐप का उपयोग कर उनके बैंक खाते से कुल 85 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. निर्मल प्रमाणिक ने बताया कि रुपये की निकासी डिमना रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा के सामने से की गई. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना की जानकारी होते ही उन्होंने तुरंत उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध साइबर ठगी और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. बैंक से लेन-देन का विवरण और फोन-पे से संबंधित ट्रांजेक्शन डिटेल्स जुटाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी होने पर तुरंत फोन-पे, गूगल-पे, पेटीएम जैसे ऐप्स को ब्लॉक कर दें और बैंक को सूचित करें, ताकि खाते से पैसे निकाले जाने से रोका जा सके. इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है.




