जमशेदपुर : शुक्रवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर में कहीं भी किसी अप्रिय घटना को रोकने एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने मंगलवार शाम व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया. जिला पुलिस कप्तान पीयूष पांडे के नेतृत्व में निकले इस मार्च में सिटी एसपी कुमार शुभाशीष, डीएसपी (विधि व्यवस्था) मो. तौकीर आलम, सभी थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए. फ्लैग मार्च की शुरुआत जुगसलाई मुख्य बाजार से हुई, जो शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुजरी. इस दौरान पैदल मार्च करते पुलिस बल ने मुख्य सड़कों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया, फ्लैग मार्च पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि असामाजिक तत्वों की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था में ढिलाई नहीं बरती जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी पीयूष पांडे ने मौके पर कहा, “शहरवासी अफवाहों पर ध्यान न दें, यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरत पुलिस को सूचना दें. जन सहयोग से ही शांति और सौहार्द बनाए रखा जा सकता है.” उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पर्व की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं, जिसमें अतिरिक्त बल की तैनाती, चेकिंग अभियान और गश्त को तेज़ किया गया है. मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने जुगसलाई के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण किया और लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया. अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से नागरिकों में सुरक्षा की भावना और प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा.



