चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव में शुक्रवार की शाम को हाथी के हमले से वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम के धर्मा सोरेन, अभिषेक सिंह और आशीष मांडी घायल हो गए है. तीनों घायलों को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. इसके बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झारग्राम रेफर कर दिया है. (नीचे भी पढे़ं)

मिली जानकारी के अनुसार मौरबेड़ा गांव के पास छह हाथियों का दल मौजूद था. यह घटना तब हुई जब क्विक रिस्पांस टीम के सात सदस्य हाथियों को गांव से दूर भाग रहे थे. इसी दौरान हाथियों ने अचानक वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले से टीम के पश्चिम बंगाल के गोईदो निवासी धर्मा सोरेन, लोधाशोली पंचायत के देवशोल निवासी अभिषेक सिंह और चाकुलिया नगर पंचायत के दिघी गांव निवासी आशीष मांडी गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढे़ं)
धर्मा सोरेन को गर्दन और छाती में चोटें आई है. वहीं अभिषेक और आशीष को अंदरूनी चोट लगी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय को इसकी सूचना दी. टीम के अन्य सदस्यों ने वन विभाग के वाहन से तीनों घायलों को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया. यहां से बेहतर इलाज के लिए तीनों घायलों को पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया है.











