जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घटना में स्कूटी सवार युवती को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती की पहचान बेबी ठाकुर के रूप में हुई है, जो बारीडी बस्ती, बजरंग चौक के पास रहती हैं. जानकारी के मुताबिक, वह सोनारी स्थित आशियाना गार्डन में भारत मेट सर्विस का अपना काम खत्म कर स्कूटी से घर लौट रही थीं. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान बिष्टुपुर सर्किट हाउस के गोलचक्कर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत युवती को उठाकर टीएमएच पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए शनिवार को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाला वाहन घटना स्थल से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल पुलिस वाहन की पहचान में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिसके कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं. लोग मांग कर रहे हैं कि यहां पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.











