जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल के गेट के बाहर से बुधवार को दो छात्राओं के अचानक लापता हो जाने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. लापता छात्राओं में शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 निवासी 11 वर्षीया हबीबा और धातकीडीह की 11 वर्षीया निदा शामिल हैं. दोनों सहेलियां एक ही कक्षा में पढ़ती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बच्चियों के परिजनों एवं स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ कर विस्तृत जानकारी ली है. इसके साथ ही, आसपास के इलाकों में खोज अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने में लगी है, ताकि दोनों का कोई सुराग हाथ लग सके. परिजनों का कहना है कि बच्चियां नियमित रूप से स्कूल जाती थीं, लेकिन आज तक कभी कोई समस्या सामने नहीं आई. अचानक दोनों के गायब हो जाने से दोनों के परिजन बेहद परेशान हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बच्चियों की जल्द बरामदगी की मांग की है. कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि बच्चियों को ढूंढ़ निकालने के लिए हर स्तर पर कोशिश की जा रही है. इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और बेचैनी का माहौल है.











