जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स में बुधवार को चोरी की कोशिश का मामला सामने आया. स्थानीय लोगों ने दो युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट के पीछे से गेट काटकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे. आरोप है कि उनका इरादा घर से पंखा चोरी करने का था. इसी दौरान फ्लैट में मौजूद महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया. शोर सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों को दबोच लिया. पकड़ाए युवकों की पहचान हसनैन और शिवम मिश्रा के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, हसनैन इसी कॉम्प्लेक्स के गोविंदा ब्लॉक की छठी मंजिल पर रहता है जबकि शिवम मिश्रा पहले यहां रह चुका है. हालांकि हसनैन का कहना है कि वह अपने ही फ्लैट की ओर जा रहा था और लोगों ने उसे गलतफहमी में पकड़ लिया. वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों चोरी की नीयत से परिसर में घुसे थे. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची मानगो पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पूछताछ के बाद ही साफ होगा कि दोनों युवक चोरी की नीयत से आए थे या मामला कुछ और है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉम्प्लेक्स में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, जिसके कारण वे सतर्क थे. इस घटना से लोगों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है.











