देवघर : देवघर स्थित बाबा मंदिर के दान पात्रों को खोल कर उनमें पड़े पैसों की गिनती की गई. मंदिर प्रशासन की कड़ी निगरानी में पैसों की हुई गिनती में दान पात्रों से 21.95 लाख रुपये से अधिक की आय दर्ज की गई. (नीचे भी पढ़ें)

देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आज गुरुवार, 21 अगस्त को बाबा मंदिर प्रांगण में लगे 18 दानपात्रों को मंदिर प्रशासन की देखरेख में खोला गया. मंदिर प्रशासन की निगरानी में ही दान पात्रों से निकले पैसों की गिनती हुई. दान पात्रों से कुल 21,95,085 रुपयों की आय दर्ज की गई. इसके अतिरिक्त दान पात्रों से कुल 6600 नेपाली रुपये भी प्राप्त हुए. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि मंदिर के दान पात्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया, जिसके पश्चात पात्रों से निकले पैसों को गिनती के लिए मंदिर के प्रशासनिक भवन में ले जाया गया जहां पैसों की गिनती की गई.











