रांची : झारखंड के रांची लोकसभा क्षेत्र के ईचागढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे देवलटांड़ में जैन धर्मावलंबियों के भगवान आदिनाथ का अति प्राचीन मंदिर स्थित है. लगभग 3000 वर्ष पुराने इस मंदिर तक जाने के लिए सड़क नहीं थी. इस मामले को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने वर्ष 2022 में यहां सड़क निर्माण का आग्रह केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से किया था. इस क्षेत्र के विकास का मामला लोकसभा में भी उठाया था. इस आग्रह के आलोक में उन्होंने सेंट्रल रोड व इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 2.1 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी थी. इसके लिए राशि भी झारखंड सरकार के संबंधित विभाग को भेज दी गई. (नीचे भी पढ़े)
दुर्भाग्यवश उपरोक्त सड़क का निर्माण आजतक नहीं हो पाया. आज भी श्रद्धालुओं को उपरोक्त पवित्र स्थल तक जाने में बहुत समस्या का सामना करना पड़ता है. इस मामले को लेकर संजय सेठ ने पुनः नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और पूरी वस्तुस्थिति से उन्हें अवगत कराया. इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने इस मामले की जांच का निर्देश भी दिया है. इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि लगभग 3000 वर्ष पुराने उपरोक्त स्थल तक जाने के लिए केंद्र सरकार ने सड़क बनाने की स्वीकृति दे दी. राशि भी निर्गत कर दी परंतु झारखंड के अधिकारियों ने सड़क बनाना जरूरी नहीं समझा. यह बताने के लिए काफी है कि किस कदर झारखंड को विकास से दूर किया जा रहा है.











