जमशेदपुर : टाटा स्टील में बोनस को लेकर चल रही आपाधापी के बीच गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के नेता और यूनियन उपाध्यक्ष संजीव तिवारी और सहायक सचिव श्याम बाबू ने यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और महासचिव सतीश सिंह से मुलाकात की. इन लोगों के साथ काफी संख्या में एनएस ग्रेड के कर्मचारी मौजूद थे. इन लोगों ने मांग की कि सामान काम का समान बोनस दिया जाये. बोनस में स्टील वेज और एनएस ग्रेड के बीच कोई बंटवारा नहीं हो, बराबर का हक सबको मिले क्योंकि वे लोग भी उसी तरह का मेहनत कंपनी के लिए करते है, जैसे स्टील वेज के कर्मचारी करते है. उनकी संख्या सात हजार से अधिक है. लिहाजा, उनकी बातों को सुना जाना चाहिए. एनएस ग्रेड को 20 फीसदी बोनस दी जाये और अतिरिक्त राशि भी दी जाये.(नीचे भी पढ़े)
इस पर अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने सभी की बातों को सुना और कहा कि बोनस को लेकर जब भी वार्ता होगी तो सारी बातों को मैनेजमेंट के पास रखा जायेगा. उन्होंने कहा कि जहां तक प्रतिशत की बात है तो ऐसा समझौता नहीं होता है. पुराने फार्मूला के तहत अब तक बोनस होता आया है. नया फार्मूला बनेगा या क्या होगा, इस पर अभी नहीं कहा जा सकता है. लेकिन हम लोग सबको बराबर का हक दिलायेंगे. बोनस प्रोफिट के आधार पर मिलता है. इस कारण प्रोफिट अगर बेहतर होगा तो बेहतर बोनस होगा. यह कंपनी की स्थापना के वक्त से ही होता आया है. अध्यक्ष टुन्नु चौधरी ने कहा कि जहां तक उनसे मिलने की बात है तो हम तो ऑफिस में ही बैठते है. शाम साढ़े सात बजे तक बैठते है. सारे लोग मिलते है. कोई मिलना चाहेगा तो कभी भी मिल सकता है. उनका दरवाजा सभी के लिए हमेशा खुला रहता है.












