जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू स्थित सुभाष स्कूल के पास शुक्रवार दोपहर 2 बजे 70 वर्षीय महिला ने घरेलू विवाद के बाद आत्मदाह कर लिया. जानकारी के अनुसार सास और बहू के बीच झगड़े के बाद वृद्धा ने खुद को आग के हवाले कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि महिला पूरी तरह जल चुकी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाज आई. जब पड़ोसी दौड़कर घर पहुंचे तो महिला आग में बुरी तरह झुलस चुकी थी. हालांकि घटना के बाद परिवार की ओर से उसे अस्पताल ले जाने की कोई कोशिश नहीं की गई.(नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मृतका का बेटा और बहू मौजूद थे. इसको लेकर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कई लोग मामले को घरेलू कलह का नतीजा मान रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे लेकर अलग-अलग तरह की बातें भी कर रहे हैं. इधर, सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. फिलहाल पुलिस परिवारजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतका की बहू और बेटे के साथ अक्सर विवाद की स्थिति रहती थी. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है.











