जमशेदपुर : झारखंड के मंत्री रामदास सोरेन का संस्कार भोज शुक्रवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास के पास आयोजित हुआ. इसमें भाग लेने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा समेत तमाम मंत्री और विधायक, सांसद समेत राज्य भर के लोग पहुंचे. हजारों हजार की भीड़ उनके संस्कार भोज में पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार घोड़ाबांधा पहुंचे तथा वहां वे राज्य के पूर्व मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के संस्कार भोज में सम्मिलित होकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल ने रामदास सोरेन के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया. राज्यपाल ने दिवगंत रामदास सोरेन के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी.(नीचे भी पढ़े)

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन संग स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रहे रामदास सोरेन के “संस्कार भोज” में सम्मिलित होने घोड़ाबांधा, जमशेदपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे. यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना जताई. मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की. (नीचे भी पढ़े)

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने स्वर्गीय रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमनी सोरेन एवं उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा उनका ढांढ़स बंधाया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यहां मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग मंत्री रामदास सोरेन के आवास पर पहुंचे हैं. गुरुजी के निधन के महज कुछ दिनों के बाद ही रामदास सोरेन का भी आकस्मिक निधन हुआ.(नीचे भी पढ़े)

इन दोनों विभूतियों का परलोक गमन अपूरणीय क्षति है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से स्वर्गीय रामदास सोरेन के चाहने वाले एवं उनके सगे-संबंधी यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. हमारी ओर से भी रामदास सोरेन को शत शत नमन, विनम्र श्रद्धांजलि.




