जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के पोटका प्रखंड क्षेत्र के डोमजुड़ी पंचायत स्थित डोमजुड़ी गांव में गुरुवार को इतिहास रच दिया. टाटा स्टील और टाटा पावर के संयुक्त उपक्रम इंडस्ट्रियल एनर्जी लिमिटेड (आइएल) द्वारा निर्मित 15 मेगावाट क्षमता वाला अत्याधुनिक सोलर पावर प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया गया. इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़े)

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह परियोजना न केवल झारखंड की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मील का पत्थर है बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने वाला ऐतिहासिक कदम भी है. सबसे खास बात यह है कि इस परियोजना के सीएसआर पहल से पूरे इलाके में व्यापक सामाजिक परिवर्तन भी आएगा जिससे गांवों में साफ पेयजल की आपूर्ति, सतत बिजली व्यवस्था से बेहतर बिजली आपूर्ति के साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए कार्यक्रम चलाए जाएंगे. (नीचे भी पढ़े)

सबसे महत्वपूर्ण बात, इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर खोले जाएंगे. विधायक सरदार ने विश्वास जताया कि यह मॉडल आने वाले समय में झारखंड के अन्य ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों को भी नवीकरणीय ऊर्जा और सीएसआर आधारित विकास की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हिरेनमोय दास, विद्या सागर दास, टाटा पावर के विजयंत रंजन, जगमीत सिंह सिद्धू और बसुदेव हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.



