जादूगोड़ा:ग्राम पंचायत दक्षिणी इचरा के अंतर्गत पंचायत भवन के कुछ ही दुरी मे प्रस्तावित स्वास्थ्य उपकेंद्र का भूमि पूजन नारियल फोड़कर किया गया, लेकिन यह कार्यक्रम कई गंभीर अनियमितताओं के कारण विवादों में घिर गया है. भूमि पूजन बिना शिलापट के किया गया, जिससे कार्य की पारदर्शिता और वैधानिकता पर प्रश्नचिह्न लग गया है.स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार भूमि पूजन के समय न तो प्राकलन (एस्टिमेट) राशि की जानकारी दी गई और न ही यह स्पष्ट किया गया कि यह कार्य किस योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)

ऐसे में आरोप है कि ठेकेदार आरएस इंटरप्राइजेज ने शुरुआत से ही मनमानी रवैया अपनाना शुरू कर दिया है. बिना शिलापट के भूमि पूजन को महज औपचारिकता बताते हुए इसे नाम मात्र का कार्यक्रम करार दिया जा रहा है.कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जुगल सिंह, मुखिया माला गुप्ता, माटीगोड़ा पंसस गोरा पूर्ति सहित कई वार्ड सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे. हालांकि उपस्थित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद बुनियादी जानकारी का अभाव प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है.(नीचे भी पढ़े)

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्य में प्रारंभ से ही पारदर्शिता जरूरी है. बिना शिलापट और योजना विवरण के कार्य शुरू होना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि भविष्य में गुणवत्ता और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण नियमों के अनुरूप और जनहित में हो.


















