जमशेदपुर : जमशेदपुर के कपाली ओपी क्षेत्र के गुलजार चौक के समीप किराये के मकान में रहने वाली 27 वर्षीय विवाहिता सहबिसता प्रवीण उर्फ बबली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की मौत फांसी लगाने से होने की बात सामने आई है. हालांकि, मृतका के मायके वालों ने उसके पति मोहम्मद आदिल पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद से पति के फरार होने की बात कही जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका के भाई अब्दुल सलाउद्दीन के अनुसार, घटना से एक दिन पहले उनकी मां बेटी से मिलने उसके घर गई थीं. उस समय रात करीब नौ से दस बजे तक सबकुछ सामान्य था. अगले दिन सुबह बस्ती के लोगों के माध्यम से उन्हें बहन की मौत की जानकारी मिली. अचानक मिली इस सूचना से परिवार में मातम छा गया. (नीचे भी पढ़ें)

अब्दुल सलाउद्दीन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मोहम्मद आदिल उनकी बहन के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था. उन्होंने बताया कि इससे पहले परिवार आजादनगर थाना क्षेत्र में रहता था, जहां प्रताड़ना को लेकर लिखित शिकायत भी की गई थी. बाद में दोनों कपाली के गुलजार चौक स्थित किराये के मकान में रहने लगे थे. मृतका अपने पीछे चार और दो वर्ष के दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है. मां की मौत के बाद दोनों मासूमों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है. मृतका के भाई ने दोनों बच्चों को नानी के घर रखकर उनके पालन-पोषण और पढ़ाई-लिखाई की जिम्मेदारी उठाने की बात कही है. उन्होंने घटना के बाद मायके वालों को तत्काल सूचना नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं. घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इधर, मृतका के परिजनों ने पति की गिरफ्तारी, घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल महिला की मौत के कारणों और मायके वालों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.















