जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत खासमहाल स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में हो रहे नए निर्माण को लेकर गुरुवार को रेल प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. रेल प्रशासन की ओर से पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. विरोध के कारण प्रशासनिक अमला बिना कार्रवाई किए लौट गया. (नीचे भी पढ़ें)

मामले की जानकारी मिलते ही विहिप नेता अरुण सिंह मौके पर पहुंचे और रेल प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया. उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिर परिसर में जुट गए. लोगों का कहना था कि मंदिर आस्था का केंद्र है और किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले जन भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए.(नीचे भी पढ़ें)
अरुण सिंह ने इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो और पोटका विधायक संजीव सरदार से बातचीत कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया. बातचीत के बाद यह सहमति बनी कि मंदिर परिसर में हो रहे नए निर्माण को दो दिनों के भीतर स्वयं हटा लिया जाएगा, अन्यथा रेल प्रशासन कभी भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चला सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि इससे पहले भी रेल प्रशासन मंदिर हटाने का प्रयास कर चुका है, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण उन्हें दो बार बैरंग लौटना पड़ा. इस बार भी प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा.








