
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सेवंथ एक्सटेंशन मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर दो शातिर ठगों ने गहना साफ करने के बहाने एक बुजुर्ग दंपति को अपना निशाना बनाया. ठग दंपति की दो अंगूठियां लेकर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर 12:05 बजे से 12:36 बजे के बीच की है. सेवंथ एक्सटेंशन निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 73 वर्षीय पत्नी के घर दो युवक पहुंचे. (नीचे देखे पूरी खबर)

दोनों ने खुद को गहना साफ करने वाला बताकर विश्वास में लिया और घर के अंदर प्रवेश कर गए. ठगों ने बातचीत के दौरान दंपति की अंगूठियां साफ करने की बात कही. सफाई के बहाने उन्होंने बुजुर्ग पति की एक अंगूठी और पत्नी की एक अंगूठी अपने कब्जे में ली और मौका पाकर फरार हो गए. घटना की जानकारी होने पर दंपति ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी. सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके. घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों को घर में प्रवेश नहीं देने और सतर्क रहने की अपील की है.






