जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शादी की नीयत से एक युवक बहला-फुसलाकर 17 वर्षीया लड़की को घर से भगाकर ले गया. इस मामले में परिजनों की शिकायत पर जुगसलाई पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मो साहिल के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी के ईमामबाड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना 3 मई के सुबह की है, जबकि इसकी शिकायत 9 मई को थाना पहुंची. शिकायत दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और नाबालिग की बरामदगी के लिए लगातार छापामारी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन सुबह परिवार के सभी सदस्य काम पर चले गए थे. घर पर नाबालिग लड़की अकेली थी. इसी दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया. जब परिवार के लोग घर लौटे तो लड़की गायब थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाना में शिकायत दर्ज कराई. घटना के बाद परिजनों ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है. पुलिस मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.







