जमशेदपुर: ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर आंदोलनरत रेल यात्री संघर्ष समिति ने तय किया है कि अब सीधे रेल महाप्रबंधक से मिल कर समस्या का समाधान खोजा जाएगा. इसके लिए समिति का एक प्रतिनिधिमंडल कोलकाता जाएगा. यह निर्णय समिति के संयोजक शिव शंकर के न्यू केबुल टाउन स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया. इस बैठक में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और इस आंदोलन के अगुआ सरयू राय विशेष तौर पर मौजूद रहे.(नीचे भी पढ़े)
बैठक में 17, 18, 19 और 24 मई को आयोजित हस्ताक्षर अभियान सह प्रदर्शन के मद्देनजर अलग-अलग संयोजक समितियां बनाई गईं ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें. 17 को साकची में, 18 को बर्मामाइंस में, 19 को मानगो में और 24 को घाटशिला में होने वाले हस्ताक्षर अभियान सह प्रदर्शन को सुचारू रुप से चलाने के लिए ही ये संयोजक समितियां बनाई गई हैं. विदित हो कि रेल यात्री संघर्ष समिति ने पहले ही इन तिथियों में हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा कर दी थी.(नीचे भी पढ़े)
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि बैठक में आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. यह तय किया गया कि 24 मई को जब घाटशिला में हस्ताक्षर अभियान सह प्रदर्शन का कार्यक्रम संपन्न हो जाएगा, तब समिति का एक प्रतिनिधिमंडल रेल महाप्रबंधक के कोलकाता स्थित कार्यालय में जाएगा और समस्या के समाधान के लिए महाप्रबंधक से मिलेगा. इस बैठक में कन्हैया सिंह, अजय सिन्हा, अजय कुमार, नीरज सिंह, सतीश सिंह, अमित शर्मा, पप्पू राव, शमशाद, कंचन डे, मनोज सिंह, राजा अग्रवाल, अनी परिहार और श्रीदेव आदि मौजूद रहे.







