कमलपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया पंचायत अंतर्गत राहेरडीह गांव में रविवार देर रात एक महिला छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान महेंद्र महतो की पत्नी अमृता महतो (37 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर की खुली छत पर सो रहे थे. रात करीब 12 बजे अमृता महतो लघुशंका के लिए नीचे उतरी थीं. (नीचे भी पढ़ें)
वापस छत पर लौटने के दौरान नींद की हालत में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर गईं. तेज आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे और उन्हें गंभीर अवस्था में उठाकर इलाज के लिए ले गए. सोमवार सुबह परिजन उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मामला न्यूरो सर्जरी से जुड़ा बताते हुए रिम्स रेफर कर दिया. इसके बाद परिजनों ने गंभीर हालत में उन्हें टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया. (नीचे भी पढ़ें)
एमआरआई जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि रीढ़ की हड्डी के ऊपरी हिस्से में फ्रैक्चर हुआ है तथा एक नस दब जाने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. गरीब किसान महेंद्र महतो के लिए पत्नी का इलाज कराना आर्थिक रूप से भी बड़ी चुनौती बन गया है.


















