रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: चक्रधरपुर प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक सुखराम उरांव ने एक ही दिन तीन अलग-अलग पीसीसी पथ निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया. विभिन्न गांवों में हुए शिलान्यास कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं ठेका कंपनी के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही. सबसे पहले आरंगा मेन रोड से सुरबूड़ा गांव तक बनने वाले 1200 मीटर पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर प्रमुख ज्योति सिजुई, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी हांसदा, मुखिया सेलाय, संजीत बांकिरा सहित ठेका कंपनी के अमर और सूरज मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़े)
विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी. इसके बाद दलकी गांव में लालू के घर से सोमा उरांव के घर तक बनने वाले 900 फीट पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, सुमित कुमार एवं ठेका कंपनी की डायरेक्टर पूजा कुमारी उपस्थित थीं. विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है. वहीं चक्रधरपुर प्रखंड के भुझूसाई से प्रदान डीह तक बनने वाले 1300 मीटर पीसीसी पथ निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. (नीचे भी पढ़े)
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी हांसदा, मुखिया सेलाय मुंडा, ठेका कंपनी के अमर, सूरज एवं लोचन महली मौजूद रहे. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा और बेहतर होगी.तीनों कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य लोगों की सक्रिय भागीदारी देखी गई. क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया.








