जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ादनगर थाना क्षेत्र स्थित होराइजन मॉल के सामने सोमवार को एक डिजायर कार और पिकअप वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जानकारी के अनुसार, डिजायर कार संख्या जेएच05डीजेड8934 के चालक शेख सजाउद्दीन कार को सर्विसिंग के लिए चेपापुल से पारडीह स्थित शोरूम ले जा रहे थे. उनका आरोप है कि आगे चल रहा पिकअप वाहन अचानक लेफ्ट इंडिकेटर जलाकर राइट टर्न लेने लगा, जिससे पीछे से उनकी कार टकरा गई. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं पिकअप वाहन संख्या जेएच05डीयू5545 के चालक शकील का कहना है कि वह पहले लेफ्ट साइड दबने के लिए लेफ्ट इंडिकेटर दिए थे और बाद में राइट इंडिकेटर ऑन कर टर्न ले रहे थे, तभी पीछे से कार आकर टकरा गई. हादसे के बाद मुआवजे की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच सड़क पर काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. सूचना मिलने पर आज़ादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने में जुट गई.







