रामगोपाल जेना,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (एमएसवीपी) 2025-26 के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया. उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो की उपस्थिति में चयनित विद्यालयों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र,अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया.स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं हाइजीन के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाले जिले के कुल पांच विद्यालयों को इस सम्मान के लिए चुना गया. उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल विद्यालय परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का भी प्रभावी माध्यम है.(नीचे भी पढ़े)

उपायुक्त ने विद्यालयों से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं हाइजीन संबंधी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी पहल से बच्चों में बेहतर आदतों का विकास होता है और समाज में जागरूकता बढ़ती है.मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी पुरस्कृत किया जाएगा. योजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चक्रधरपुर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा पीएमश्री राजकीय सेकेंडरी स्कूल, टाटा कॉलेज कॉलोनी को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. वहीं प्राथमिक विद्यालय, सिमबंधा एवं साई मोंटेसरी इंग्लिश मीडियम स्कूल को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी. सम्मानित विद्यालय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चक्रधरपुर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, पीएमश्री राजकीय सेकेंडरी स्कूल, टाटा कॉलेज कॉलोनी, प्राथमिक विद्यालय, सिमबंधासाई मोंटेसरी इंग्लिश मीडियम स्कूल शामिल है.







