जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स कॉलोनी में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर नंबर के2/13 निवासी टाटा मोटर्स कर्मी संतोष कुमार सिंह आज सुबह करीब 10:30 बजे अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे. शाम को जब वे अपने क्वार्टर लौटे तो देखा कि घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. मामले की सूचना टेल्को थाना पुलिस को दे दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पीड़ित संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घर से कुछ घंटों के लिए बाहर गए थे और लौटने पर चोरी की घटना का पता चला. उन्होंने बताया कि उनके द्वारा घटना की सूचना दिये जाने के तुरत बाद पुलिस वहां पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.







