देवघर: देवघर जिले को नशामुक्त बनाने का बीड़ा उठाए देवघर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जसीडीह थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है.वहीं पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक भागलपुर से देवघर आकर नशे के पदार्थ की तस्करी करने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जसीडीह थाना क्षेत्र के एक स्थान पर छापेमारी की. (नीचे भी पढ़े)
तलाशी के दौरान युवक के पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है. बरामद मादक पदार्थ और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है. इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 195/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा कारोबार के नेटवर्क की भी जांच कर रही है. बताते चलें कि इधर नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए देवघर पुलिस ने अभियान चला रखा है जिसका सकारात्मक परिणाम भी दिख रहा है.







