जमशेदपुर: जमशेदपुर के दोमुहानी संगम तट स्थित श्री पंच दशनाम जूना किन्नर अखाड़ा (झारखंड) के महामाई बगलामुखी धाम में गुरुवार से 48 घंटे की अखंड धूनी तपस्या का शुभारंभ हुआ. धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले इस विशेष अनुष्ठान का नेतृत्व 1008 महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरी जी कर रहे हैं. उनके साथ महंत आनंदी नंद गिरी, महंत सूरज घोष, तथा अन्य शिष्यगण भी साधना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बने हुए हैं. आयोजकों के अनुसार ज्येष्ठ मास में आयोजित होने वाली यह अखंड धूनी तपस्या साधना, आराधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र मानी जाती है. 48 घंटे तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार, हवन, साधना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे. धाम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी शुरू हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरी ने बताया कि इस तपस्या का मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण, मानवता की सुख-समृद्धि तथा समाज में शांति और सद्भाव की स्थापना की कामना करना है. उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक साधना के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है. आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं किन्नर समाज के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ लेने और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है. दुमुहानी संगम तट स्थित महामाई बगलामुखी धाम में आयोजित इस विशेष आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा जा रहा है.







