जमशेदपुर : जमशेदपुर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. रविवार सुबह सिदगोड़ा सूर्य मंदिर क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन झपट लिए जाने की घटना सामने आई है. पीड़िता रीना मिश्रा मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. इसी दौरान सूर्य मंदिर के पास स्कूटी सवार एक अज्ञात बदमाश पीछे से आया, पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया.
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग निकलने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही रीना मिश्रा ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके. गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया था. इसके बावजूद अपराधियों के हौसले कम नहीं हुए हैं. आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो महीनों में शहर की 25 से अधिक महिलाएं चेन स्नेचिंग का शिकार बन चुकी हैं. लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.







