जमशेदपुर : जमशेदपुर का वैली व्यू स्कूल के लिए मंगलवार का दिन गर्व और खुशी लेकर आया. विश्व के प्रतिष्ठित साइंस ओलिंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) द्वारा आयोजित ओलिंपियाड के दूसरे चरण में कक्षा 12 के छात्र श्रीमन चंद्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रैंक 59 और जोनल रैंक 2 हासिल की. इस उपलब्धि के लिए उन्हें 2500 रुपये का नकद पुरस्कार तथा टॉप रैंकर मेडल प्रदान किया गया. गौरतलब है कि एसओएफ ओलिंपियाड विश्व के सबसे बड़े शैक्षणिक प्रतियोगी मंचों में से एक है, जिसमें दुनिया भर के लगभग एक लाख स्कूलों के लाखों विद्यार्थी भाग लेते हैं. ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में श्रीमन चंद्रा की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय बन गई है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय की प्रिंसिपल मिक्की सिंह ने श्रीमन चंद्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं वाइस प्रिंसिपल एवं ओलिंपियाड इंचार्ज डॉ जेके पाण्डेय ने बताया कि श्रीमन चंद्रा शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं. उन्होंने हाल ही में जेईई एडवांस परीक्षा में 11 हजारवीं रैंक हासिल कर आईआईटी मंडी में भी प्रवेश सुनिश्चित किया है. डॉ पाण्डेय ने कहा कि ओलिंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं. उन्होंने बताया कि इस वर्ष वैली व्यू स्कूल के 85 विद्यार्थियों ने विभिन्न ओलिंपियाड में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है, जो विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय परिवार ने श्रीमन चंद्रा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.








