गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़बिल गांव में गुरुवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के दौरान तलवार चलने से गांव का विकास भकत गंभीर रूप से घायल हो गया. गांव के प्रभाकर भकत ने तलवार से हमला कर विकास भकत को घायल कर दिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल प्रभाकर भकत और कालीपद भकत के एक मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. मामला कोर्ट में विचाराधीन है. दस डिसमिल जमीन स्वर्गीय नरोत्तम भकत के नाम पर है, जिसका खाता संख्या 326, प्लाट संख्या 704 है. दो पक्षों के बीच इसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उधर, घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी, घाटशिला सीओ निशांत अंबर, बीरेंद्र कुमार, गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार, घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा, धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा, मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज गुप्ता बड़बिल गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







