जमशेदपुर : 37 झारखंड बटालियन एनसीसी, जमशेदपुर (रांची ग्रुप मुख्यालय) के तत्वावधान में एनआईटी कैंपस, आदित्यपुर में 10 दिवसीय सम्मिलित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-13 का शानदार आगाज हुआ. यह शिविर 25 जून से शुरू होकर 04 जुलाई तक चलेगा. शिविर के पहले दिन कैंप कमांडेंट सह कमानडिंग ऑफिसर कर्नल विनय अहूजा ने ‘ओपनिंग एड्रेस’ (उद्घाटन भाषण) के जरिए कैडेटों में देश सेवा और अनुशासन का जोश भरा. (नीचे भी पढे)

शिविर की जानकारी देते हुए डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल प्रेम चन्द झा ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के 33 विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थाओं के कुल 549 बॉयज और गर्ल्स एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं. इस दौरान सेना के अनुभवी अधिकारी, जवान सहित विभिन्न संस्थानों के एएनओ (एएनओ) और केयरटेकर भी कैंप में मुस्तैद हैं. कैंप कमांडेंट कर्नल विनय अहूजा ने अपने संबोधन में एनसीसी के मूल मंत्र ‘एकता और अनुशासन’ पर विशेष जोर दिया. (नीचे भी पढे)

उन्होंने कैडेटों को देशभक्ति की भावना के साथ सैन्य जीवन को समझने की प्रेरणा दी. इस 10 दिवसीय आवासीय शिविर के दौरान कैडेटों को ऑलराउंडर बनाने के लिए कड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें मुख्य रूप से सैन्य कौशल ड्रिल, फायरिंग, हथियार संचालन (वेपन ट्रेनिंग) और मैप रीडिंग शामिल है. वहीं, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) और कठिन परिस्थितियों से निपटने के लिए ऑब्सटिकल (बाधा) प्रशिक्षण दिया गया. राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाले कार्यक्रम और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां रही. शिविर को सफल बनाने और सुचारू संचालन के लिए थर्ड ऑफिसर कुंदन कुमार चंद्रा सहित सेना की पूरी टीम जुटी हुई है.







