जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगझरी फाटक के समीप रहने वाली एक विवाहिता ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. मृतका की पहचान देव कुमार शर्मा की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोनी देवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी. उनके परिवार में पति और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं. ससुराल पक्ष का कहना है कि सोनी देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं. हालांकि, परिवार के सदस्य इस मामले में मीडिया से बातचीत करने से बचते रहे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मृतका के भाई बबलू कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उनके बहनोई का फोन आया, जिसमें बहन के फांसी लगाने की सूचना दी गई. उन्होंने कहा कि उनकी बहन का किसी प्रकार का इलाज नहीं चल रहा था. उन्होंने यह भी बताया कि परिवार में सामान्य घरेलू विवाद होते रहते थे, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह उन्हें नहीं मालूम है. उन्होंने पूरे मामले को संदेहास्पद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है. परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है. परसुडीह थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, पोस्टमार्टम नहीं कराने के निर्णय और मायके पक्ष द्वारा संदेह जताए जाने के कारण मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा.







