पोटका : पोटका में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप उग्र रूप लेता जा रहा है. सोमवार को ब्रेन मलेरिया के कुल 40 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जबकि एमजीएम में इलाजरत एक वर्षीय बच्ची की ब्रेन मलेरिया के कारण मौत हो गई है. इस मौत के साथ क्षेत्र में ब्रेन मलेरिया से अबतक मरनेवालों की संख्या बढ़ कर चार हो गई है. दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया फैलने के मद्देनजर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान शुरू कराया है. सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 स्थानों पर कैम्प लगाकर मलेरिया मरीजों की जांच की गई. 672 लोगों की जांच में 40 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए. इन लोगों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा सभी को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया. तीन लोगों का पोटका सीएचसी में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार को पोटका में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित कोंदर निवासी महावीर सरदार की एक वर्षीया पुत्री खुशबू सरदार की मौत हो जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है. अबतक पोटका में कुल चार बच्चों की मौत हो चुकी है. विगत कल, रविवार को कुल 29 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए थे. सोमवार को यह आंकड़ा बढ़कर 40 हो गया. स्वास्थ्य विभाग मलेरिया की रोकथाम के लिए पूरी तरह सतर्क है. गांवों में युद्ध स्तर पर जांच एवं मलेरिया प्रभावित गांवों में डीडीटी का छिड़काव भी शुरू करा दिया गया है. सोमवार के जांच में सबसे अधिक मलेरिया पॉजिटिव सबरनगर, ग्वालकाटा, झरिया एवं खड़ियाकोचा में पॉजिटिव मामले सामने आए हैं. पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सात का इलाज चल रहा है जिनकी स्थिति सामान्य है. पोटका की अंचलाधिकारी निकिता बाला ने सीएचसी का दौरा कर चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया और मरीजों का हालचाल जाना.







