जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हिमांशु सिंह की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी. दूसरे युवक प्रत्युष सिंह का इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है. हिमांशु की मौत के बाद इस कांड में अब हत्या का मामला जुड़ गया है. हिमांशु सिंह टाटा स्टील के सेवानिवृत कर्मचारी और टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर अरविंद सिंह के बेटे है. वे आदित्यपुर के हरिओम नगर के रहने वाले थे. दस माह पहले ही शादी हुई थी. हिमांशु पर ताबड़तोड़ चापड़ से हमला कर दिया गया था, जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया था. शनिवार की रात हुई इस घटना में एक हिमांशु और प्रत्युष घायल हो गया था. दोनों गंभीर रुप से घायल हुए है. हिमांशु का इलाज टीएमएच में चल रहा था जबकि प्रत्युष को कोलकाता एयरलिफ्ट कर ले जाया गया था जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.(नीचे भी पढ़े)
फिलहाल, इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है. हिमांशु और प्रत्युष को पुलिस की पीसीआर वैन से खींचकर अपराधियों ने मारा और फिर उसको पुलिस के सामने चापड़ मारा. इस मामले में दोषी पुलिसवालों को बचाने का प्रयास चल रहा है. पुलिसवाले, जो युवकों की जान नहीं बचा पाये, उनके सामने हत्या हो गयी, उसके खिलाफ यह खबर लिखे जाने तक कोई कार्रवाई तक नहीं की गयी है. इसको लेकर लोगों में गुस्सा है. लोग पुलिस के आला अधिकारियों पर सवाल उठा रहे है कि जब उनकी पुलिस थी तो उनके सामने कैसे मर्डर हो गया और जो पुलिसवाले थे, उसके खिलाफ अबतक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गयी.







