जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चर्चित डबल डाउन (डीडी) बार पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उसे सील कर दिया. यह कार्रवाई करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की मौत और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद की गयी है. इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी किए हैं. जानकारी के अनुसार 27 जून की रात डीडी बार में एक महिला से कथित छेड़खानी का विरोध करने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के बाद बार के बाहर हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर चापड़ और चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान सोमवार शाम मौत हो गयी, जबकि प्रत्यूष सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है. मामले की जांच पुलिस कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल बन गया. परिजनों, करणी सेना और क्षत्रिय समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. बढ़ते जनदबाव के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया. मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने डीडी बार पहुंचकर बार को सील कर दिया. वहीं, उपायुक्त राजीव रंजन ने बार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं. जांच के दौरान बार के लाइसेंस, संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी रिकॉर्ड, निर्धारित नियमों के अनुपालन तथा अन्य प्रशासनिक बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







