जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ंगाझार चौक पर 3 जुलाई को हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने 18 भाजपा नेताओं सहित 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. यह मामला जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर विश्वजीत मुंडा की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई, जेएनएसी कर्मचारियों को काम करने से रोका गया तथा क्षेत्र की दुकानों को जबरन बंद कराया गया. साथ ही प्रदर्शनकारियों पर आम लोगों में भय का माहौल बनाने और डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिकी में नीरज शर्मा, विकास शर्मा, मुकेश शर्मा, रतन महतो, पप्पू मिश्रा, जितेंद्र राय, राकेश सिंह, पप्पू सिंह उर्फ लंगड़ा, सतीश सिंह, डीडी त्रिपाठी, पुष्पेंद्र मिश्रा, कल्याणी शरण, दीपक पाल उर्फ खोगेश पाल, संजय गोराई, कृष्णा बरी, गणेश सोलंकी, अमित सिंह और रुपेश सिंह उर्फ मुना को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.







